crimeDehradun

देहरादून के सबसे बड़े पलटन बाजार में भीषण आग, लहंगा और साड़ी शोरूम खाक

दुकान के बाहर बिजली के पोल से चिंगारी निकलने से आग लगने का दावा

Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून के अतिव्यस्त पलटन बाजार क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांधी संस साड़ी और लहंगा शोरूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उससे उठता धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। हादसे में शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए 6 से 7 दमकल वाहनों को लगाया गया। घनी आबादी और सघन व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण आसपास के दुकानदारों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद काफी देर तक धुएं का गुबार पूरे इलाके में छाया रहा। घटना के लगभग एक घंटे बाद भी दमकल कर्मी आग को पूरी तरह बुझाने के प्रयास में जुटे रहे। आखिरकार करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

शोरूम संचालक का दावा है कि दुकान के बाहर लगे बिजली के पोल पर पहले चिंगारी उठी, जिसके बाद तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग उनकी दुकान तक पहुंच गई। उनका कहना है कि आग की सूचना पड़ोसी दुकान में काम कर रहे एक युवक ने फायर ब्रिगेड को दी थी, लेकिन दमकल टीम के देर से पहुंचने के कारण नुकसान बढ़ गया।

वहीं, इस मामले में अग्निशमन विभाग का पक्ष अलग है। देहरादून के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम 5 से 7 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि कई दमकल वाहनों की मदद से संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया और आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, दुकान मालिक द्वारा मूल्यांकन पूरा किए जाने के बाद ही आर्थिक क्षति का सही आंकड़ा सामने आ सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button