AI से बनाया एडीजी का डांस वीडियो, नकली ‘उत्तराखंड पुलिस’ बनकर चला रहा था इंस्टाग्राम अकाउंट
पुलिस की वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर जमाता था रौब, क्लेमेन्टाउन से गिरफ्तार

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड पुलिस का प्रतिरूपण कर सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाने और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का भ्रामक वीडियो वायरल करने वाले एक युवक को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर खुद को पुलिस से जुड़ा दर्शाता था और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहा था।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि इंस्टाग्राम पर “Uttarakhand_police__112” नाम से संचालित एक फर्जी अकाउंट के माध्यम से उत्तराखंड पुलिस का प्रतिरूपण किया जा रहा था। इसी अकाउंट से एआई/डीपफेक तकनीक का उपयोग कर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का भ्रामक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था, जिससे पुलिस की छवि प्रभावित होने की आशंका थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों से तकनीकी जानकारी जुटाई। डिजिटल डेटा के विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने क्लेमेन्टाउन क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की वर्दी पहनकर बनाता था वीडियो
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर संचालित की और एआई तकनीक की मदद से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का परिवर्तित वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर फोटो और वीडियो बनाता था ताकि लोगों पर प्रभाव जमा सके और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल कर सके। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान और आर्थिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास कर रहा था।
मोबाइल में मिले डीपफेक वीडियो और फर्जी आईडी
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें संबंधित फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट लॉग-इन मिला। मोबाइल की जांच में एआई जनरेटेड वीडियो, पुलिस वर्दी में खींची गई तस्वीरें और फर्जी पुलिस पहचान पत्र की फोटो भी मिली है। इसके अलावा आरोपी के घर से उत्तराखंड पुलिस की वर्दी से मिलते-जुलते कपड़े और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ा दी है।
20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
साइबर क्राइम पुलिस ने इस मामले में क्लेमेन्टाउन निवासी 20 वर्षीय लुकमान मलिक पुत्र इकबाल मलिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ लोक सेवक का प्रतिरूपण, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट संचालन और एआई तकनीक के दुरुपयोग से भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।



