HealthUttarakhandआपदा प्रबंधन

चमोली में चिकित्सक पर गिरी जर्जर अस्पताल की दीवार, हुई मौत

उत्तराखंड में भूस्खलन से कई इलाके प्रभावित, पौड़ी में पिकअप वाहन पर गिरा मलबा

Amit Bhatt, Uttarakhand: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने एक चिकित्सक की जान ले ली। चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में शनिवार दोपहर जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना ने सरकारी भवनों की जर्जर स्थिति और मानसून के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

डॉ. डिमरी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर दुख जताते हुए अस्पताल परिसर में मौजूद पुराने और क्षतिग्रस्त ढांचों की सुरक्षा जांच की मांग की है।

पौड़ी में चलती पिकअप पर गिरा मलबा
पौड़ी जिले के गुमखाल-सतपुली मार्ग पर पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर चलती पिकअप पर गिर गए। चालक ने समय रहते वाहन छोड़ दिया, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

लगातार बारिश से बिगड़े हालात
राज्य में जारी बारिश के कारण कई जिलों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी देहरादून में रविवार शाम तेज बारिश के साथ दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।

बद्रीनाथ हाईवे पर थमा यातायात
रुद्रप्रयाग के सिरोबगड़ क्षेत्र में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी मलबा आने से यातायात पूरी तरह बंद हो गया। इसके चलते करीब 800 से 1000 यात्री और स्थानीय लोग रास्ते में फंस गए। यह मार्ग केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्राओं का प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रशासन ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क को दोबारा खोल दिया।

चमोली में हाईवे भी हुआ क्षतिग्रस्त
चमोली के नारायणबगड़ क्षेत्र में एनएच-109 (कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग) का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा जिले की एक दर्जन से अधिक ग्रामी
ण सड़कें भी बंद हैं, जिससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ।

उत्तरकाशी और रामनगर में भी असर
उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार पत्थर गिरने से यात्रा प्रभावित हो रही है। वहीं रामनगर में तिलमट मंदिर के पास बरसाती नाला उफान पर आने से भंडारपानी मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।

कई जिलों में जारी है बारिश
रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, उत्तरकाशी, चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा और नैनीताल में रुक-रुककर बारिश जारी है। उधर हरिद्वार के रुड़की में शुक्रवार को जलभराव के दौरान एक बुलेट सवार युवक खुले नाले में गिर गया। उसने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि बाद में जेसीबी की मदद से बाइक को बाहर निकाला गया।

लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं, डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की मौत ने मानसून के दौरान सरकारी परिसरों की सुरक्षा और जर्जर भवनों के रखरखाव की आवश्यकता को फिर से केंद्र में ला दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button