
Amit Bhatt, Dehradun: सड़क दुर्घटना में घायल 15 वर्षीय किशोर के इलाज में गंभीर चिकित्सीय लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में समय पर आवश्यक ऑपरेशन नहीं किया गया और गंभीर रूप से घायल दाएं गुर्दे के बजाय बाएं गुर्दे का ऑपरेशन कर दिया गया। बाद में किशोर की तबीयत बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने 05 चिकित्सकों और अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सहारनपुर निवासी मैनपाल ने अपने अधिवक्ता शिवा वर्मा के माध्यम से अदालत में प्रार्थनापत्र दायर कर बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र गौरव 3 जुलाई 2022 को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे में उसके दाएं हाथ और दाएं गुर्दे पर गंभीर चोटें आई थीं। उपचार के लिए उसे देहरादून के रिस्पना पुल स्थित प्रसाद मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. आलम ने उसे भर्ती किया।
प्रार्थनापत्र के अनुसार, भर्ती के बाद कई घंटों तक गौरव का ऑपरेशन नहीं किया गया। जब परिजनों ने देरी का कारण पूछा तो बताया गया कि ऑपरेशन के लिए बाहर से डॉक्टर बुलाए गए हैं। 4 जुलाई की रात चिकित्सकों की टीम ने उसके दाएं हाथ का ऑपरेशन किया, जबकि परिजनों का आरोप है कि उस समय सबसे गंभीर स्थिति गुर्दे की चोट की थी।
आरोप है कि 5 जुलाई को दाएं गुर्दे के बजाय बाएं गुर्दे का ऑपरेशन कर दिया गया। इसके बाद किशोर की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों ने अस्पताल से डिस्चार्ज करने का अनुरोध किया, लेकिन आरोप है कि डॉ. आलम ने इसकी अनुमति नहीं दी।
शिकायत के मुताबिक, 8 जुलाई की शाम जब गौरव की स्थिति और गंभीर हो गई, तब उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। इसके बाद उसे सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मैनपाल का आरोप है कि उनके पुत्र की मृत्यु डॉ. आलम, डॉ. ऋतु गोयल, डॉ. शिवांकर आजाद, डॉ. अनुज और डॉ. बिलाल कलीम की कथित लापरवाही के कारण हुई।
मामले की सुनवाई के बाद पंचम अपर सिविल जज भारती मंगलानी ने प्रार्थनापत्र स्वीकार करते हुए नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी को संबंधित चिकित्सकों और अस्पताल संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें
अस्पताल के डॉक्टर कई दिन से गायब, नर्सों के भरोसे हैं भर्ती किए मरीज
मैक्स अस्पताल में लापरवाही से मरीज की मौत, डॉक्टर 2 माह के लिए निलंबित, 10 लाख मुआवजा देने का आदेश
रिश्वतखोर डॉक्टर रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस ने 20 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा
आयुर्वेद का डॉक्टर बांट रहा ऐलोपैथिक दवाएं, एसीएमओ ने पकड़ा



