Forest And WildlifeUttarakhand

पौड़ी में घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, गांव में दहशत

साथी महिलाओं ने शोर मचाया, लेकिन महिला को घसीटकर ले गया गुलदार

Amit Bhatt, Uttarakhand: पौड़ी जिले के नैनीडांडा विकासखंड में गुलदार का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। पट्टी बिजलौट के ग्रामसभा सत्खोलू के तोक बणासी तल्ली में घास लेने जंगल गई एक महिला पर गुलदार ने दिनदहाड़े हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे बणासी तल्ली निवासी सुशीला देवी गांव की अन्य महिलाओं के साथ मवेशियों के लिए घास काटने जंगल गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर और हिम्मत जुटाकर गुलदार को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह सुशीला देवी को घसीटते हुए घनी झाड़ियों की ओर ले गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में जंगल की ओर दौड़े और काफी तलाश के बाद झाड़ियों के बीच महिला का शव बरामद किया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि महिलाएं और बच्चे भय के साये में हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाने और आदमखोर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत ने वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रकीर्ण नेगी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button