crimeDehradunUttarakhand

दून और हरिद्वार में सितारा होटल समूह पर सेंट्रल इंटेलीजेंस यूनिट की छापेमारी, पकड़ा गड़बड़झाला

चार करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी कारोबार पर टैक्स का गोलमाल, अब वसूली शुरू

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड राज्य कर विभाग की सेंट्रल इंटेलिजेंस यूनिट (सीआईयू) ने देहरादून और हरिद्वार में संचालित एक प्रतिष्ठित स्टार होटल समूह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान जीएसटी चोरी और फर्जी खरीद के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लेने के आरोप सामने आए हैं।

विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि होटल समूह कुछ फर्मों से बिना वास्तविक सामान खरीदे कागजों में खरीद दिखाकर गलत तरीके से टैक्स लाभ ले रहा है। इसी सूचना के आधार पर राज्य कर विभाग ने तीन अलग-अलग टीमें गठित कर देहरादून और हरिद्वार स्थित होटल प्रतिष्ठानों और संबंधित कार्यालयों में जांच अभियान चलाया।

अधिकारियों के अनुसार छापेमारी शुरू होते ही होटल समूह में हड़कंप मच गया। जांच में प्रारंभिक तौर पर करीब चार करोड़ रुपये के कारोबार में अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, कारोबारी रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य अपने कब्जे में लिए हैं। इसके साथ ही कुछ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त की गई हैं, जिनकी विस्तृत जांच फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से कराई जाएगी।

राज्य कर विभाग का कहना है कि होटल समूह ने स्वयं तो अनुचित तरीके से आईटीसी का लाभ लिया ही, साथ ही उससे जुड़ी अन्य फर्मों को भी लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा।

कार्रवाई के दौरान विभाग के पास टैक्स चोरी से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य आने के बाद संबंधित फर्मों ने मौके पर ही 1.72 करोड़ रुपये जमा करा दिए। हालांकि विभाग ने साफ किया है कि जांच अभी जारी है और कर चोरी की राशि आगे बढ़ने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

इस संयुक्त अभियान में उपायुक्त विनय पांडे, निखिलेश श्रीवास्तव, योगेश मिश्रा और अर्जुन सिंह राणा शामिल रहे। वहीं सहायक आयुक्त योगेश रावत, नितिका नारंग, अविनाश झा, मानवेंद्र सिंह और गार्गी बहुगुणा ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य कर अधिकारी शैलेंद्र चमोली, गजेंद्र भंडारी, बिलाल खान तथा निरीक्षक हेमा पुंडीर नेगी सहित कई अधिकारियों ने जांच अभियान में भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button