countryUttarakhand

24 घंटे जाम में फंसे यमुनोत्री धाम के 9000 तीर्थयात्री, डीएम ने तब की रुकने की अपील

जिलाधिकारी उत्तरकाशी ने रविवार सुबह जारी अपील में कहा, आज नए यात्री यमुनोत्री जी की यात्रा स्थगित करें

Amit Bhatt, Dehradun: यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या क्षमता से अधिक पहुंच चुकी है। स्थिति यह है कि करीब 9000 तीर्थयात्री बड़कोट से जानकीचट्टी के बीच जाम में फंसे रहे। स्थिति इतनी विकट हो गई कि जिलाधिकारी (डीएम) उत्तरकाशी मेहरबान सिंह बिष्ट को स्वयं मौके पर जाकर जाम को खुलवाने के प्रयास करने पड़े। यमुनोत्री धाम में हालात यह हैं कि क्षमता से कहीं अधिक यात्री वहां पहुंच चुके हैं। कुछ मार्गों पर पैर रखने तक की जगह नहीं है। हालात को देखते हुए जिलाधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने रविवार सुबह अपने पेसबुक पेज पर अपील जारी की है कि आज नए यात्री यमुनोत्री जी की यात्रा स्थगित कर दें। इन बातों बातों से यह आभास होता है कि उत्तरकाशी जिला प्रशासन या तो तीर्थ यात्रियों की संख्या को भांप नहीं पाया और इसके मुताबिक प्रबंधन के समय पर उचित इंतजाम किए ही नहीं जा सके।

यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब उत्तरकाशी पुलिस उन्हें विभिन्न पड़ावों पर रोकने लगी है। ताकि भारी जाम की स्थिति न बन पाए। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी के मुताबिक शनिवार को जाम की जो भीषण स्थिति बनी थी, उसे पुलिस ने पूरी रात अथक प्रयास के बाद दूर कर दिया है। रविवार को 9000 तीर्थयात्री यमुनोत्री धाम पहुंच चुके हैं। इसलिए यात्रियों से हाथ जोड़कर अपील है कि जो यात्री हरिद्वार, ऋषीकेश, उत्तरकाशी या अन्य किसी पड़ाव पर हैं, वह आगे न बढ़ें। उन्होंने इस काम में प्रशासन का सहयोग करने को कहा है।

ऐसे यात्री यमुनोत्री की यात्रा स्थगित रखें। क्योंकि यमुनोत्री की क्षमता पूरी हो चुकी है। स्थिति सामान्य होने पर ही पुलिस से संपर्क करते हुए आगे बढ़ें। दूसरी तरफ पुलिस की इसी अपील को जिलाधिकारी उत्तरकाशी मेहरबान सिंह बिष्ट ने रविवार सुबह प्रसारित किया। हालांकि, यह देर से लिया गया फैसला था। क्योंकि, देशभर से आ रहे तमाम यात्री निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। जहां वह जगह-जगह जाम और अन्य समस्या से दो चार भी हो रहे हैं। साथ ही राजमार्ग की हालत भी ठीक नहीं है। कई जगह राजमार्ग बदहाल स्थिति में है। यदि समय रहते व्यवस्था सुधार दी जाती तो इतनी अधिक परेशानी नहीं होती।

इंटरनेट पर वायरल हो रहा अव्यवस्था का वीडियो
इन दिनों एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम के बीच घोड़ा पड़ाव का है। इसमें पूरा मार्ग यात्रियों से खचाखच भरा है। जिसमें दिख रहा है कि अव्यवस्था के चलते यात्री किस कदर परेशान हैं। वहीं, उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक यदुवंशी के मुताबिक वीडियो शुक्रवार शाम का है। यह स्थिति मार्ग पर सिर्फ 200 मीटर के दायरे में आई थी। उस दिन 12 हजार से अधिक यात्री यमुनोत्री धाम पहुंचे थे।

चारधाम यात्रा में भारी भीड़ से हरिद्वार की पार्किंग फुल
यमुनोत्री के साथ ही बदरीनाथ और केदारनाथ में भी तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ पहुंच रही है। इसके चलते चारधाम यात्रा के प्रवेश स्थल हरिद्वार और ऋषिकेश में भी जाम की स्थिति विकट हो गई है। रविवार को तो हरिद्वार में दोपहर तक ही सभी पार्किंग स्थल पूरी तरह फुल हो चुके थे। यही स्थिति आसपास के क्षेत्रों की भी है। यदि कोई ठोस व्यवस्था नहीं बनाई गई तो तीर्थयात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button